home page

लाल सलाम लिखे पर्चे फेंककर दहशत फैलाने वाले दाे आराेपित गिरफ्तार

 | 
लाल सलाम लिखे पर्चे फेंककर दहशत फैलाने वाले दाे आराेपित गिरफ्तार


लाल सलाम लिखे पर्चे फेंककर दहशत फैलाने वाले दाे आराेपित गिरफ्तार

बीजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। बीजापुर जिले के आवापल्ली थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम मुरदण्डा में 07 अक्टूबर को सड़क किनारे नक्सली पर्चे पड़े हुए मिले थे। पर्चे में स्कूल नहीं बनाने का जिक्र किया गया था, स्कूल भवन बनाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। पत्र मुरदण्डा गांव के सरपंच के नाम लिखा गया था। सरपंच ने दहशत वाले पर्चे ले जाकर बीजापुर पुलिस में दिखाया, जिसके बाद पुलिस ने जांच के उपरांत इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों संदीप मड़कम एवं नागेश बोड़के को गिरफ्तार किया है।

बीजापुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि नक्सलवाद की आड़ में किसी को डराने धमकाने या शासकीय गतिविधि में बाधा पहुंचाने का प्रयास न करें। ऐसा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समाज में भय का वातावरण पैदा करने वालों के खिलाफ पुलिस की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बीजापुर एएसपी अमन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने नक्सलवाद की आड़ लेकर भय का वातावरण बनाने के उद्देश्य से धमकी पूर्ण पर्चे तैयार कर सड़क किनारे फेंके थे। पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास के क्षेत्रों की जांच की. जांच में पता चला कि स्कूल भवन के लिए चिन्हांकित जमीन पर ग्राम मुरदण्डा-बायेगुड़ा निवासी संदीप मड़कम का संबंधित भूमि पर करीब पांच वर्षों से अवैध कब्जा था। जून 2026 में तहसीलदार ने भूमि का सीमांकन कर अवैध कब्जा हटवाया और स्कूल भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई।

उन्हाेने बताया कि स्कूल की जमीन पर कब्जा पाने के लिए संदीप मड़कम ने साथी नागेश बोड़के के साथ मिलकर नक्सलवाद की आड़ में सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीण को डराने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की योजना बनाई। दोनों ने धमकीपूर्ण पर्चे तैयार कर मुरदण्डा से कमारगुड़ा जाने वाले रास्ते पर फेंके। पूछताछ और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदीप मड़कम और नागेश बोड़के को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जनसुरक्षा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है, मामले में आगे की जांच जारी है। उन्हाेने बीजापुर निवासियों से अपील है कि यदि उन्हें कोई नक्सली पर्चा या ऐसी कोई संदिग्ध गतिविधि या ऐसी कोई अफवाह सुनने में आती है तो उस पर यकीन न करें और भ्रमित होने की जगह तत्काल पुलिस को जानकारी दें।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे