पता पूछने के बहाने वृद्धा के गले से कंठी लूट के दो आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 26 जून (हि.स.)। शहर के माता का थान स्थित भदवासिया लिंक रोड पर रहने वाली एक वृद्धा के गले से रविवार की शाम को बाइक सवार दो बदमाश कंठी लूट कर ले गए। पुलिस ने वारदात में लिप़्त दो आरोपियों को अब गिरफ्तार किया है। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेजों से आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें दस्तयाब कर अब गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को आज कोर्ट में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। लूटी गई कंठी बरामद की जानी है। अन्य लूट की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी शफीक मोहम्मद ने बताया कि विद्या नगर चार मंदिर के पास भदवासिया लिंक रोड पर रहने वाली वृद्धा पेपादेवी पत्नी शंकरलाल प्रजापत ने रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि रविवार की शाम को वह अपने घर के बाहर बैठी थी। तब दो युवक बाइक पर आए। एक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा नजदीक आकर किसी का पता पूछने का बहाना करते हुए उसके गले पर झपट्टा मारकर कंठी तोड़ ली। बाद में बाइक स्टार्ट कर बैठे साथी के संग भाग गया। घटना कारित करने वाले दो आरोपियों संजय सी कॉलोनी प्रतापनगर निवासी सलमान उर्फ सोनू और बरकाना हाउस सोजती गेट हाल चांदणा भाखर देवी रोड निवासी मो. अयान खिलजी को गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर लूटी गई कंठी बरामद किया जाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

