राजगढ़ः एमपी-यूपी की पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, दो आरक्षक घायल, दो आरोपित गिरफ्तार
राजगढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ियासांसी में चोरी के आरोपितों को पकड़ने पहुंची मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम पर मंगलवार की रात ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इसमें बोड़ा थाना के दो आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की पुलिस टीम के एक जवान को भी मामूली चोटें आईं।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपितों सहित अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और पथराव जैसी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है,जिनमें दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।
थाना प्रभारी देवेन्द्रसिंह राजपूत ने बुधवार को बताया कि बीती रात उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में दर्ज एक चोरी के मामले के आरोपितों की तलाश में ललितपुर पुलिस की सात सदस्यीय टीम बोड़ा थाना पुलिस के करीब दस जवानों के साथ कड़ियासांसी गांव पहुंची थी। पुलिस जैसे ही आरोपितों को हिरासत में लेने लगी, तभी उनके परिजन और अन्य ग्रामीण विरोध में उतर आए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर चारों ओर से पत्थर बरसने लगे। पथराव में आरक्षक कपिल अटारिया और विनोद अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले पचोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ब्यावरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पुलिसकर्मियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और पथराव जैसी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में लालू पुत्र कुमेर सांसी,उसका भाई नितिन सांसी, मां शकीना, सुचेता, काला सांसी और भगवान सिंह पुत्र चैनसिंह सांसी शामिल हैं। इनमें से सुचेता और काला सांसी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बुधवार सुबह जिले के पांच से छह थानों की पुलिस ने गांव में दबिश देकर फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

