होटल में शराब पार्टी के बाद युवक की हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। राजधानी जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक मृतक का दूर का रिश्तेदार है। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल में शराब पार्टी के दौरान खर्चे को लेकर हुए विवाद में दोनों ने मिलकर युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, खाटूश्यामजी जाकर प्रायश्चित किया और पुलिस से बचने के तरीके सीखने के लिए यूट्यूब पर वीडियो भी देखते रहे।
जयपुर (पश्चिम) के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रशांत किरण ने बताया कि हत्या के आरोप में संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
डीसीपी ने बताया कि 25 जुलाई को बिंदायका थाना क्षेत्र के एक होटल में दिनेश उर्फ दंशी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि दिनेश अपने साथियों संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया के साथ होटल में ठहरा था, लेकिन घटना के बाद दोनों आरोपी फरार थे। उनके मोबाइल भी बंद मिले, जिससे पुलिस का संदेह उन पर गहरा गया।
थानाधिकारी अनिल जैमिनी के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। सूचना मिलने पर एसआई गोवर्धन सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमावत और कांस्टेबल श्रीराम को तत्काल दौसा रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने दौसा में कई होटलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख मार्गों और टोल प्लाजा पर लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर भांडारेज रोड स्थित गोविंददेवजी मंदिर के पास एक चाय की थड़ी पर दोनों संदिग्धों के होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों भागने लगे, लेकिन कांस्टेबल श्रीराम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया के रूप में बताई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त गमछा भी घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर से बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक दिनेश और आरोपी नितेश अच्छे मित्र थे। दिनेश को पैसों की आवश्यकता थी और नितेश का परिचित संजय लोगों को लोन दिलाने का काम करता था। इसी सिलसिले में तीनों 24 जुलाई की सुबह करीब 11.15 बजे होटल के एक कमरे में मिले। वहां तीनों ने शराब पार्टी की।
पार्टी के खर्चे को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नितेश और संजय ने मिलकर दिनेश के गमछे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फ्लाइट मोड पर कर दिए। मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए और उसकी सिम जयपुर रेलवे स्टेशन के पास तोड़कर फेंक दी।
इसके बाद दोनों दौसा पहुंचे, जहां होटल में रुकने के दौरान मोबाइल को होटल के वाई-फाई से जोड़कर यूट्यूब पर हत्या की सजा और पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े वीडियो देखते रहे। इसके बाद प्रायश्चित करने के लिए खाटूश्यामजी गए और फिर वापस दौसा लौट आए। पुलिस के अनुसार दोनों गुजरात या किसी अन्य राज्य में भागने की योजना बना रहे थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। फिलहाल उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और अनुसंधान पूरा होने के बाद न्यायालय में चालान पेश करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

