सियार के अवैध शिकार के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जेल
पन्ना, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र में सियार के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने दो आरोपितोंं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपितों की पहचान ग्राम मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा के रूप में हुई है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 21 सितंबर को पवई वृत्त की उत्तर पवई बीट अंतर्गत राजस्व ग्राम पुरैना में मुखबिर से वन्यप्राणी के शिकार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वन्यप्राणी का मांस जब्त किया था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद वन अपराध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच और आरोपितों की तलाश के दौरान 19 नवंबर को वन विभाग की टीम ने ग्राम मोहनपुरा निवासी राहुल सपेरा और क्रतन सपेरा को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों के सियार के अवैध शिकार के मामले से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद वन विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

