home page

होटल में मुफ्त कमरा नहीं मिला तो की तोड़फोड़ और मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार; कट्टा-कारतूस जब्त

 | 
होटल में मुफ्त कमरा नहीं मिला तो की तोड़फोड़ और मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार; कट्टा-कारतूस जब्त


पन्ना, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में होटल में मुफ्त कमरा देने को लेकर हुए विवाद के बाद तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से अवैध देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त की गई है। अवैध हथियार मिलने पर पुलिस ने अलग से भी अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना आठ अक्टूबर की रात थाना अमानगंज क्षेत्र स्थित श्रीजी पैलेस होटल में हुई थी। कमरा किराए पर लेने, रजिस्टर में एंट्री और पैसों के लेन-देन को लेकर होटल प्रबंधन और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी दोबारा होटल पहुंचे और डंडों से लैस होकर वहां तोड़फोड़ की। उन्होंने लैपटॉप, एलसीडी टीवी, कूलर, कुर्सियों सहित अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। बीच-बचाव करने आए होटल संचालक, उनके बेटे और कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई।

होटल संचालक की शिकायत पर अमानगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें विक्की बुन्देला उर्फ नरेंद्र सिंह निवासी ककरा और विक्की राजा बुन्देला निवासी पवईया, अमानगंज शामिल हैं।

तलाशी के दौरान आरोपिताें की कार से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें कारतूस फंसा हुआ था। वहीं, एक आरोपी की पैंट की जेब से एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है।

इस मामले में एक अन्य आरोपिताें को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपिताें को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे