home page

जौनपुर में वकील और उसके साथी ने 41 लाख रुपये की लूट की, पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर बरामद किये 22 लाख रुपये

 | 
जौनपुर में वकील और उसके साथी ने 41 लाख रुपये की लूट की, पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर बरामद किये 22 लाख रुपये


जौनपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में जमानत कराने आए राजस्थान के एक व्यक्ति से 41 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। मामले का रविवार को खुलासा करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि अधिवक्ता अभिनव सिंह और उसके साथी उपदेश पाठक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 22 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा (25) अपने छोटे भाई की जमानत कराने के लिए वाराणसी आए थे। उनका भाई वाराणसी जिला कारागार में बंद है। जमानत की कार्रवाई के दौरान जयपाल ने अधिवक्ता अभिनव सिंह से संपर्क किया। अभिनव ने खुद को इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाला अधिवक्ता बताया और जमानत की प्रक्रिया में सहयोग किया।

जमानत आदेश मंजूर होने के बाद वाराणसी सेशन कोर्ट में औपचारिकताएं पूरी कराने के दौरान अभिनव ने जयपाल से लगातार संपर्क बनाए रखा। आरोप है कि उसने खुद को उसका शुभचिंतक बताते हुए विश्वास हासिल कर लिया।

5 सितंबर को जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जयपाल ने अभिनव को बताया कि उसे जमानतदारों, अधिवक्ता की फीस और जमीन संबंधी कार्य के लिए जौनपुर में अपने परिचितों से मिलना है। आरोप है कि अभिनव अपनी वैगनआर कार से जयपाल को जौनपुर ले आया।

जौनपुर में पॉलिटेक्निक चौराहे के पास जयपाल ने हनुमान घाट और सद्भावना ब्रिज के पास दो परिचित ज्वेलरी कारोबारियों से क्रमश: 22 लाख और 19 लाख रुपये नकद लिए। कुल 41 लाख रुपये उसने अपने काले बैग में रख लिए। बैग में पहले से आधार कार्ड, फोटो, ब्लूटूथ डिवाइस, चार्जर और करीब 10-12 हजार रुपये भी थे।

इसी बीच अभिनव का साथी उपदेश पाठक भी सद्भावना ब्रिज के पास पहुंच गया। इसके बाद दोनों आरोपित जयपाल को अपने साथ लेकर वाराणसी की ओर निकल गए। आरोप है कि रास्ते में दोनों ने उससे 41 लाख रुपये लूट लिए।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 22 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच और अन्य पहलुओं पर कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव