home page

नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले दो गिरफ्तार

 | 
नाबालिग को भगाकर ले जाने वाले दो गिरफ्तार


--धर्म परिवर्तन करने के आरोप की जांच शुरू

हमीरपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के चिकासी थानाक्षेत्र में किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता को मंगरौठ मोड़ से बरामद कर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।

थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की तहरीर पर इमरान उर्फ सिप्टेन (27) और रिहान (18) निवासी नूरपुर थाना अमरिया जनपद पीलीभीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपित क्षेत्र में हार्वेस्टर मशीन चलाने का काम करते थे। इसी दौरान उनका पीड़िता के परिवार के नलकूप पर आना-जाना हुआ, जहां किशोरी से जान पहचान हो गई। आरोपितों पर किशोरी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बनाया गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता को बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान ने मंगलवार को बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर जांच की जाएगी। साथ ही धर्म परिवर्तन से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा