home page

देशी पिस्तौल और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

 | 
देशी पिस्तौल और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अपराधी गिरफ्तार


दरभंगा, 12 जुलाई (हि.स.)। जिला के लीनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्तौल और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में अलीनगर थाना कांड संख्या 95/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/26/35 के तहत कार्रवाई की गई है।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि 11 जुलाई की रात गश्ती के दौरान सूचना मिली कि रुपसपुर बिजली पावर हाउस के समीप दो युवक किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही दोनों युवक मोटरसाइकिल से भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी मो. सोनू ने अपने घर में देशी पिस्तौल छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के दरवाजे के ऊपर से एक देशी पिस्तौल बरामद किया। जांच में दोनों के कब्जे से बरामद काले रंग की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या MH-10-EV-9894) भी चोरी की निकली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सोनू (26 वर्ष), पिता–मो. मोहिद तथा मो. आलम सिद्दीकी, पिता–मो. न्यायुद्दीन, दोनों निवासी रुपसपुर, थाना अलीनगर, जिला दरभंगा के रूप में हुई है।

बेनीपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) बासुकीनाथ झा ने कहा कि अपराध और अवैध हथियारों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जो भी कानून को हाथ में लेने का प्रयास करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा, पुअनि विकास मंडल, पुअनि हेराम, सिपाही गोपाल कुमार तथा गृहरक्षक पंकज मुखिया शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra