शंभूपुरा पुलिस की कार्रवाई, 50 ग्राम एमडीएमए के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, स्विफ्ट कार जब्त
चित्तौड़गढ़, 21 मई (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले की शंभूपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (मोली पाउडर) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन और डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में थानाधिकारी शंभूपुरा धर्मराज मीना, एएसआई महावीर, कांस्टेबल मुकेश, लोकेश और महेंद्र की टीम ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की। इस दौरान 50 ग्राम एमडीएमए मोली पाउडर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने राहुल गोस्वामी (25) पुत्र विष्णु गोस्वामी निवासी केसुन्दा, थाना छोटी सादड़ी, जिला प्रतापगढ़ और सोनू बावरी (25) पुत्र चतरा बावरी निवासी मल्ला चारण, थाना सदर निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है। मौके से फरार एक आरोपी विक्रम मीना निवासी निंबाहेड़ा को नामजद किया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शंभूपुरा थाना पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

