दो खाताधारकों पर साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज
हमीरपुर 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में साइबर क्राइम मुख्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ से संचालित ऑपरेशन साइ वज्र के तहत की गई जांच मे राठ क्षेत्र के दो बैंक खातों का इस्तेमाल अंतरराज्यीय साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए किए जाने का खुलासा हुआ है। जांच के आधार पर राठ कोतवाली पुलिस ने शनिवार को दोनों खाताधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवसहाय सरोज ने शनिवार को बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध म्यूल खातों की जांच में एचडीएफसी बैंक तथा कैनरा बैंक का खाता संदिग्ध पाए गए। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने, उसे अन्य खातों में स्थानांतरित करने तथा एटीएम और चेक के माध्यम से नकद निकासी के लिए किया गया। समन्वय पोर्टल, बैंक स्टेटमेंट, केवाईसी दस्तावेजों और डिजिटल इंटेलिजेंस के विश्लेषण में इन खातों का संबंध गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में दर्ज छह साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों से मिला।
इन मामलों में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी हुई थी, जिनमें से लाखों रुपये राठ स्थित इन दोनों खातों में ट्रांसफर किए गए और बाद में पूरी धनराशि चेक एवं एटीएम के जरिए निकाल ली गई। पुलिस जांच में एचडीएफसी बैंक खाते का धारक पथखुरी गांव निवासी देव नारायण और कैनरा बैंक खाते का धारक ग्राम कराैंदी अमगांव निवासी हेमेन्द्र कुमार पुत्र जगत सिंह पाया गया। पुलिस ने दोनों खाताधारकों समेत अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

