उज्जैन में गोरकर बंधु के दोहरे हत्याकांड के फरार 2 आरोपियों को लिया रिमांड पर
उज्जैन, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नीलगंगा चौराहे पर गोरकर परिवार के दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने बुधवार शाम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस ने दोनों को न्यायालय के आदेश पर गुरूवार को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और मुख्य साजिशकर्ता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
गौरतलब है कि 18 और 19 जुलाई की दरमियानी रात नीलगंगा चौराहा निवासी लोकेश गोरकर और उनके भाई जय पर उनके घर के सामने पासी परिवार के लोगों ने हमला कर दिया था। इस दौरान आरोपियों ने हथियारों के साथ फायर भी किए थे। जिसमें घटना वाले दिन लोकेश की तथा दूसरे दिन जय की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने 8 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। यहीं कारण आरोपी संजय पासी और वेदू पासी ने बुधवार को न्यायालय में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर थाने लाई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारीपुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ के जरिए हत्या के मुख्य आरोपी रोशन पासी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरों में दिखाई देने वाले अन्य संदिग्धों की पहचान भी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी नरेश पासी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिर तार किया था। वहीं मंछामन कॉलोनी स्थित एक मल्टी में घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के दौरान हुई कार्रवाई में तीनों के पैर टूट गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

