home page

अनूपपुर: सीसीटीवी और टोल नाका फुटेज से खुला चोरी का राज, दो फरार आरोपी गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: सीसीटीवी और टोल नाका फुटेज से खुला चोरी का राज, दो फरार आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर: सीसीटीवी और टोल नाका फुटेज से खुला चोरी का राज, दो फरार आरोपी गिरफ्तार


अनूपपुर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के बदरा में पेट्रोल पंप संचालक के घर हुई लाखों की चोरी के मामले में 50 दिनों से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को छत्तीसगढ़ के सीतापुर और रायकेरा से गिरफ्तार किया गया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक कुल छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। फरार आरोपी 28 वर्षीय मोहम्मद आरिफ खान और 47 वर्षीय मोहम्मद जब्बीर खान को उनके गृह ग्राम से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों के पास से 77,050 रुपए नकद और सोने के तीन लॉकेट बरामद किए हैं। दोनो आरोपियों को सोमवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं गिरोह का एक और सदस्य मानवेन्द्र लकड़ा उर्फ पास्टर अभी भी फरार है।

सीसीटीवी और टोल नाके से मिला सुराग

ज्ञात हो कि 19-20 जनवरी की रात जब संग्राम सिंह अपने परिवार के इलाज के लिए नागपुर गए थे। चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए अलमारी से जेवर और नकदी पार कर दी थी। पुलिस जांच के दौरान मैनटोला टोल नाके के फुटेज में एक संदिग्ध कार दिखाई दी। गाड़ी नंबर के आधार पर जब मालिक कुर्बान रजा खान को पकड़ा गया, तो पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि चोरों ने चोरी का माल अंबिकापुर के 'मां अन्नपूर्णा ज्वेलर्स' के संचालक नीरज सोनी को 9 लाख रुपए में बेचा था। सुनार ने पकड़े जाने के डर से गहनों को गलाकर नए जेवर बना लिए थे। पुलिस ने पूर्व में ही ज्वेलर्स सहित चार लोगों को जेल भेज दिया था, जिनसे 1.700 किलोग्राम चांदी, 2 तोला सोना और वारदात में इस्तेमाल कार जब्त की गई थी।

7 में से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। जिसमें जब्बीर खान, आरिफ खान, कुर्बान रजा, नीरज सोनी और दो अन्य वहीं एक आरोपी मानवेन्द्र लकड़ा फरार हैं। कुल बरामदगी में नकदी सहित 1.700 किलो चांदी, सोना और वारदात में प्रयुक्त वाहन शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला