home page

यमुनानगर में दाे जगह लाखों की चाेरी

 | 

यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर शहर में बीती रात दो अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने एक ओर दुकान को निशाना बनाया, जबकि दूसरी घटना में निर्माणाधीन मकान से सामान चोरी कर लिया। दोनों मामलों में करीब साढ़े चार लाख रुपये का नुकसान आंका गया है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना आनंद मार्किट क्षेत्र की है। यहां एक चूड़ी की दुकान में देर रात शटर काटकर चोरी की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार अज्ञात व्यक्ति दुकान में घुसकर कई इलेक्ट्रॉनिक और अन्य उपयोगी सामान साथ ले गए। चोरी हुए सामान में एसी यूनिट, एमसीबी, पंखे, सीसीटीवी कैमरे, स्विच और अन्य उपकरण शामिल हैं। इस घटना में करीब दो लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। दूसरी वारदात शहर के एक निर्माणाधीन मकान में हुई।

यहां से बिजली से संबंधित सामग्री और एसी फिटिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण चोरी किए गए। पीड़ित के अनुसार जब वह स्थल पर पहुंचा तो सामान गायब मिला। आसपास लगे कैमरों की जांच में सामने आया कि देर रात दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस मामले में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार