22 लुटे मोबाइल को बरामद कर थानाध्यक्ष ने धारकों को सौंपी
नवादा, 13 जुलाई (हि.स.)।नवादा जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को लूट,छिनतई और चोरी हुए मोबाइलों को ढूंढकर वापस करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और सघन जांच के बाद 22 लुटे हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली धारकों को सौंप दिया।
सोमवार को थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने सभी मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस किए। मोबाइल पाने वालों में नवादा जिले के अलावा झारखंड राज्य के लोग भी शामिल थे। इस दौरान मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उनका फोन कई महीने पहले से अपराधियों के पास था और उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पिछले कुछ समय से लगातार लुटे मोबाइलों की ट्रैकिंग की जा रही थी। साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से विभिन्न जिलों और राज्यों से इन मोबाइलों को बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम होने पर लोग तुरंत थाने में आवेदन दें और फोन का IMEI नंबर उपलब्ध कराएं, ताकि उसे जल्द से जल्द ट्रेस किया जा सके।
पंकज कुमार सैनी ने आगे कहा कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ अपराध पर नियंत्रण नहीं बल्कि आम लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करना भी है। ऑपरेशन मुस्कान इसी सोच के साथ शुरू किया गया है।
मोबाइल पाने वालों ने पुलिस प्रशासन और थानाध्यक्ष के प्रयासों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

