तुरकौलिया में कार के तहखाने से 24.91 लाख बरामद, दो नेपाली समेत चार गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण, 28 मई (हि.स.)। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र पुलिस ने वाहन जांच के दौरान कार से 24.91 लाख रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में दो नेपाली नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि बरामद राशि का संबंध ड्रग्स कारोबार से हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि वाहन जांच अभियान के दौरान संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने से 24.91 लाख रुपये बरामद किए गए। पकड़े गए लोगों से नकदी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन इन लोगो ने रकम की वैधता का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी कृष्णा सहनी, नकरदेई थाना क्षेत्र के कटगेनवा निवासी सुभाष कुमार के अलावा नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी दीपेश कुमार यादव और प्रज्जवल सहनी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी पटना से लौट रहे थे और रुपये को कार में बने तहखाने में छिपाकर ले जा रहे थे।
एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में बरामद रकम के ड्रग्स कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सभी आरोपितों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।
उक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष संपत साह, दारोगा रामसेवक सिंह, जमादार कन्हैया लाल, संतोष कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस ने बरामद नकदी और कार को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार सभी आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाया गया था और इसे कहां और किस काम में इस्तेमाल होना था।
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

