home page

यमुनानगर:रादौर क्षेत्र में ट्यूबवेल बने चोरों का निशाना, कई किसानों की बिजली तारें चोरी

 | 
यमुनानगर:रादौर क्षेत्र में ट्यूबवेल बने चोरों का निशाना, कई किसानों की बिजली तारें चोरी


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र के रादौरी गांव में अज्ञात चोरों ने बीती रात खेतों में लगे ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए कई किसानों के बिजली उपकरण और तारें चोरी कर लीं। घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब किसान रोजमर्रा के कार्य के लिए खेतों में पहुंचे। किसानों के अनुसार चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर एक के बाद एक कई ट्यूबवेलों से बिजली की केबल और अन्य जरूरी सामान निकाल लिया। इससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

रादौरी गांव के किसान छवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनके ट्यूबवेल के अलावा रमेश काम्बोज, राजेंद्र कुमार, रामकुमार, पिरथी शर्मा और अशोक काम्बोज के ट्यूबवेलों से भी बिजली की तारें चोरी कर ली गईं। सुबह खेतों में पहुंचने पर जब उपकरण गायब मिले तो घटना का पता चला। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ट्यूबवेलों से मोटर, केबल और अन्य उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद अब तक इस तरह की वारदातों में शामिल गिरोह तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं और खेतों में सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि रात के समय खेतों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे देते हैं। प्रभावित किसानों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि किसानों की मेहनत और सिंचाई व्यवस्था सुरक्षित रह सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार