यमुनानगर:ट्यूबवेल मोटर व स्टेबलाइजर चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 07 मार्च (हि.स.)। पुलिस की स्पेशल सेल ने किसानों के खेतों से ट्यूबवेल उपकरण चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
स्पेशल सेल के इंचार्ज रमन चंदेल ने शनिवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक फतेहपुर नहर पुल के आसपास घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर तुरंत पुलिस टीम का गठन कर क्षेत्र में दबिश दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगरानी के दौरान एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान डेहा बस्ती दढ़वा निवासी हर्ष पुत्र राजपाल के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने 29 जनवरी को गांव फतेहपुर क्षेत्र में किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेल से मोटर और स्टेबलाइजर चोरी करने की वारदात को स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। पुलिस के अनुसार किसानों के खेतों से सिंचाई उपकरणों की चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

