रायपुर : 12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले दो आरोपित चढे़ पुलिस के हत्थे, ट्रक बरामद
रायपुर, 07 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित काली माता मंदिर के पास से 12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले 2 आरोपितोंं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 चक्का ट्रक कीमती लगभग सोलह लाख रुपये जब्त किया है। आरोपितों के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 103/26 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्रार्थियामीना निर्मलकर निवासी अमलीडीह न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि, उनका ट्रक काली माता मंदिर के पास मेन रोड न्यू राजेन्द्र नगर में खडा था। 6 मार्च शुक्रवार की सुबह अचानक कोई ट्रक को चुराकर ले गया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपित के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की टीम ने पूछताछ कर अज्ञात आरोपितों की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल तथा उसके आसपास सहित टोल प्लाजा में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेजों का बारीकी से अवलोकन किया गया। अवलोकन के दौरान यह पाया गया कि, अज्ञात आरोपितों द्वारा ट्रक को चोरी कर चलाते हुए वहां से ले जाया गया है। इसके पश्चात आरोपित द्वारा भागने के लिए जिन-जिन मार्गों का उपयोग किया गया था, उन मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को क्रमबद्ध तरीके से फॉलो किया गया।
सघन पतासाजी एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर निवासी रितेश दास उर्फ माईकल तथा बजरंगी परिहार के रूप में करते हुये दोनों आरोपितों को चोरी हुई वाहन के साथ थाना सलीहा क्षेत्र अंतर्गत पकड़ने में सफलता मिली। प्रकरण में दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 चक्का ट्रक क्रमांक कीमती लगभग सोलह लाख रुपये जब्त कर आरोपितों के विरूद्ध कार्रवाई किया गया। आरोपित बजरंगी परिहार पूर्व में भी चोरी के प्रकरण में बाल संप्रेषण गृह माना में निरुद्ध रह चुका हैl आरोपितों के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 103/26 धारा 303(2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

