home page

आगरमालवाः राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने गौवंश को रौंदा, चार गायों की मौत

 | 
आगरमालवाः राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक ने गौवंश को रौंदा, चार गायों की मौत


आगरमालवा, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 552-जी पर ग्राम आमला के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर बैठी गायों को बेरहमी से रौंद दिया। हादसे में चार गायों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया, जबकि तीन-चार आये गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कोटा-जयपुर हाईवे मार्ग पर ग्राम आमला के पास कुछ मवेशी सड़क किनारे और मार्ग पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक आरजे-05-जीबी-0393 अनियंत्रित होकर मवेशियों पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मवेशी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। बेजुबान जानवरों की इस तरह हुई दर्दनाक मौत को देखकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया तथा गुस्साए ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर धरना दे दिया और यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। चक्काजाम से मार्ग के दोनो और वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी और हाईवे पर लगे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी हरकत में आए। सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव के साथ आगरमालवा और सुसनेर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचेे तथा समझाइश के बाद जाम खुलवाया। आगरमालवा कोतवाली पुलिस ने ट्रक को जप्त करते हुए मामला जांच में लिया है।।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा