ऊंटों से भरा ट्रक पकड़ा, दम घुटने से दो ऊंटों की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार
डीडवाना-कुचामन, 07 मई (हि.स.)। जिले के परबतसर थाना क्षेत्र में गोरक्षकों ने ऊंटों की कथित तस्करी कर रहे एक ट्रक को पकड़कर बड़ा खुलासा किया। ट्रक में 21 ऊंट और ऊंटनियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। दम घुटने के कारण दो ऊंटों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष 19 ऊंटों को सुरक्षित मुक्त कराया गया।
घटना 3 मई की देर रात किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार गौ रक्षा दल किशनगढ़ को सूचना मिली थी कि ऊंटों से भरा एक ट्रक परबतसर के रास्ते मेवात (हरियाणा) की ओर जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुए गोरक्षकों ने ट्रक को रुकवाया और उसमें सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
ट्रक की तलाशी के दौरान तिरपाल के नीचे 21 ऊंट और ऊंटनियां बेहद खराब स्थिति में भरे हुए पाए गए। अत्यधिक भीड़ और ऑक्सीजन की कमी के चलते दो ऊंटों की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।
पुलिस के पहुंचने से पहले गोरक्षकों ने आरोपियों को साड़ी पहनाकर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई और कथित रूप से उन्हें सड़क पर डांस भी करवाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना की सूचना पर परबतसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मेवात निवासी वसीम अकरम, मेरठ निवासी जिशान सहित तीन आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। परबतसर थानाधिकारी सुमन बुंदेला के अनुसार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

