home page

चायपत्ती लदा ट्रक गायब करने के आरोप में चालक समेत दो गिरफ्तार

 | 
चायपत्ती लदा ट्रक गायब करने के आरोप में चालक समेत दो गिरफ्तार


जलपाईगुड़ी, 09 अक्टूबर (हि.स)। पश्चिम बंगाल के राजगंज के बलराम इलाके से पंजाब के लिए रवाना हुआ चायपत्ती से लदा ट्रक रास्ते में गायब हो गया था। मामले की जांच करते हुए भोरेर आलो थाने की पुलिस ने बिहार से ट्रक चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से चायपत्ती के 39 पैकेट (करीब 200 किलोग्राम) बरामद किये गये हैं।

शुक्रवार को थाना प्रभारी सुदीप दत्त ने पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया की तीन सितंबर को ट्रक में चायपत्ती लादकर पंजाब भेजी गई थी, लेकिन माल तय गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इसके बाद 11 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने ओडिशा, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार समेत कई राज्यों में छापेमारी की।

आखिरकार तीन अक्टूबर को बिहार के निवासी वासुकी कुमार मंडल और उत्तर प्रदेश के निवासी ललित कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के बाद बिहार के अररिया इलाके से चायपत्ती बरामद हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक का माल रास्ते में कैसे गायब हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार