home page

चाकू की नोक पर ट्रक चालक से लूट, चार आरोपित चंद घंटों में गिरफ्तार

 | 
चाकू की नोक पर ट्रक चालक से लूट, चार आरोपित चंद घंटों में गिरफ्तार


रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर ट्रक चालक से नकदी और मोबाइल फोन लूटने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपितों के कब्जे एवं निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त चाकू, लूट की रकम, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस आरोपितों से क्षेत्र में हुई अन्य लूट, चोरी और आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भरौली, थाना नरही, जिला बलिया निवासी सुनील राम वर्तमान में रायपुर के रांवाभाठा में रहकर नारायण मूर्ति ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करता है। 26 अगस्त को वह ट्रक में जांजगीर-चांपा से लोहा लोड कर ग्राम कोनारी स्थित श्री राम दूत इस्पात कंपनी पहुंचा था। कंपनी के बाहर ट्रक खड़ा करने के बाद वह केबिन में सो गया।

27 अगस्त की रात करीब 2 बजे चार आरोपित ट्रक के केबिन का कांच खोलकर अंदर घुस गए। आरोपितों ने चालक को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसकी जेब में रखे 4,500 रुपये नकद और 5,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान आरोपित एक-दूसरे को साहिल, सोनू और वीरू नाम से पुकार रहे थे। आरोपितों में से एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों का गठन किया गया। थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा के नेतृत्व में टीमों ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन, आरोपितों के हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपितों की निशानदेही पर चाकू, 4,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 59,500 रुपये है।

गिरफ्तार आरोपितों में अकबर पारधी (23वर्ष ), सोनू मांडवी (21वर्ष ), साहिल उइके (18वर्ष ) और वीरु पारधी (25वर्ष ) शामिल हैं। आरोपितों के विरुद्ध थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के साथ अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर