यमुनानगर: ट्रक में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के ताजेवाला क्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़े ट्रक में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुबह के समय ढाबा संचालक ने ट्रक के अंदर एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नीचे उतारकर स्थिति का जायजा लिया। जांच अधिकारी जगपाल ने बताया कि मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी सानू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के दौरान परिजनों ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से आर्थिक दबाव में था। ट्रक की किस्तों को लेकर लगातार आ रही परेशानियों के कारण वह मानसिक तनाव में चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने यह भी बताया कि वित्तीय देनदारियों को लेकर उस पर दबाव बना हुआ था, जिससे उसकी स्थिति प्रभावित हो रही थी। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। थाना पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

