हाईवे पर दो आयशर ट्रकों की टक्कर में चालक की केबिन में फंसने से मौत
राजगढ़, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक आयशर ट्रक चालक की मौत हो गई। प्याज से लदे दो आयशर वाहनों की आमने-पीछे की टक्कर में एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 2:45 बजे करनवास थाने के सामने हुआ। एक आयशर वाहन प्याज लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसके चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रहा आयशर ट्रक (क्रमांक यूपी 93 एटी 6141) उससे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय फूलसिंह उर्फ भोलू पुत्र हरप्रसाद कुशवाह निवासी खिलारा भंडरा, महूरानीपुर (झांसी) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को अलग किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल ब्यावरा भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आगे चल रहे वाहन के चालक द्वारा अचानक और लापरवाहीपूर्वक ब्रेक लगाने से दुर्घटना हुई। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है तथा फरार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

