home page

राजगढ़ःखाना खाकर सोया ट्रक चालक केबिन में मृतअवस्था में मिला

 | 
राजगढ़ःखाना खाकर सोया ट्रक चालक केबिन में मृतअवस्था में मिला


राजगढ़, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में गुना रोड स्थित ढ़ाबा पर खड़े ट्रक की केबिन में बुधवार सुबह चालक मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार शिवपुरी जिले के बैराड़ निवासी हेमंत (23) पुत्र राजेन्द्र वर्मा ट्रक क्रमांक एपी 06 जीए 3140 में भोपाल से सामान लेकर निकला था। उसके साथ गांव का ही क्लीनर जितेंद्र शर्मा भी मौजूद था। रात करीब 3 बजे दोनों गुना रोड स्थित एक ढाबे पर पहुंचे, जहां खाना खाने के बाद चालक हेमंत केबिन में सो गया, जबकि क्लीनर ट्रक के पीछे सोया। सुबह करीब 11 बजे क्लीनर की नींद खुली तो उसने चालक को उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। ढाबा संचालक को सूचना दी गई, जिसके बाद सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया,जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, उन्होंने बताया कि हेमंत काफी समय से बीमार रहता था और नशे की आदत भी थी। इसी कारण उसे ट्रक चलाने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना। परिजनों ने मौत को प्राकृतिक बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थानाप्रभारी शिवराजसिंह चौहान का कहना है कि गुना रोड पर ट्रक की केबिन में चालक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की चोट नहीं मिली है। परिजनों ने पोस्टमार्टम से इंकार किया है। मामले में मर्ग दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक