home page

मथुरा के विधायक के एस्कॉर्ट में चल रही बोलेरो में ट्रक चालक ने मारी टक्कर, दरोगा की मौत

 | 
मथुरा के विधायक के एस्कॉर्ट में चल रही बोलेरो में ट्रक चालक ने मारी टक्कर, दरोगा की मौत


नोएडा, 21 जून (हि.स.)। थाना जेवर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा के विधायक की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट की जीप में रविवार दोपहर को गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस घटना में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि एस्कॉर्ट में लगा एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम में बताया कि जनपद मथुरा से विधायक राजेश चौधरी रविवार दोपहर को मथुरा से जेवर एयरपोर्ट पर फ्लाइट पकड़ने के लिए जा रहे थे। उनकी एस्कॉर्ट में चल रही बोलेरो जीप में गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में जीप में सवार राजेंद्र सिंह यादव और आरक्षी सुल्तान सिंह आदि गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजेंद्र सिंह यादव (तैनाती पुलिस लाइन मथुरा) को मृत घोषित कर दिया। आरक्षी सुल्तान सिंह और अन्य को मामूली चोट आई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी