रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर ट्रक-कार की भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल
रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह खरोरा थाना क्षेत्र के मंगोली चौक के पास ट्रक और क्रेटा कार की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार है।
पुलिस के अनुसार, क्रेटा कार (सीजी-04-क्यूएच-6732) में ओमप्रकाश साहू, संजय साहू, शिवम साहू और रामेश्वर केंवट सवार होकर भटगांव से रायपुर आ रहे थे। मंगोली चौक के पास सामने से आ रहे ट्रक (यूपी-32-जेएन-2667) से कार की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल श्रीकृष्णा अस्पताल, खरोरा पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान शिवम साहू की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया तथा ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

