बिहार के सुपौल में भूमि विवाद में चली गोली
सुपौल, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद के लतौना वार्ड 13 में रविवार की रात भूमि विवाद को लेकर हुए गोली बारी की घटना में गांव निवासी योगेन्द्र यादव के 40 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तत्काल उन्हें चिकित्सा के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया, जहां इसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद से उसे मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में घायल के परिजनों ने बताया कि उसके सगे रिश्तेदार ( गोतिया ) के बीच पिछले एक वर्ष से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत की हुई थी। साथ ही या मामला थाना में भी चल रहा था। हाल में यह मामला थाने में आया था, लेकिन आरोपी पक्ष साक्ष्य के रूप में अपना दाबा प्रस्तुत नहीं कर सके।
बताया कि रविवार की देर रात आधा दर्जन से अधिक बदमाश उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली - गलौज करते हुए घर का लाइट ऑफ कर दिया। उसके बाद उन लोगों ने गोलीबारी की, जिसमें एक गोली रंजीत कुमार के कमर में लग गई। आनन - फानन में परिजन उसे अस्पताल ले आए। अस्पताल के डॉ बीएन पासवान ने बताया कि घायल की स्थिति गंभीर है। गोली उसके शरीर में फंसी हुई है। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ विभाष कुमार, थानाध्य्क्ष अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे, और घायल से पूछताछ की। एसडीपीओ ने बताया कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा है, जिसमें गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हुआ है।
बताया कि मामले की सघनता से जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। गोलीबारी में शामिल लोगों को चिन्हित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उधर सोमवार को थानाध्य्क्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले को लेकर पांच लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज किया गया, इनमें एक नामजद आरोपी मनखुश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

