सेमरी कांड में तिहरी प्राथमिकी! फायरिंग, पथराव और विधायक का नाम, सीवान में सनसनी
सीवान, 06 अप्रैल (हि.स.)। एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार की शाम साइड विवाद को लेकर हुए मारपीट, फायरिंग और पथराव मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस हाई-प्रोफाइल कांड में दोनों पक्षों के अलावा पुलिस की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस ने कुख्यात चंदन सिंह सहित आधा दर्जन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक ई-रिक्शा चालक और स्कॉर्पियो सवार लोगों के बीच साइड को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
एक पक्ष से चंदन सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि वह एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी सेमरी में पहले से घात लगाए बैठे ऐनुल हक, मैनुद्दीन मियां और लाल बाबू मियां ने अत्याधुनिक हथियारों से उन पर कई राउंड फायरिंग की। उन्होंने दावा किया कि यह हमला पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनकी हत्या के इरादे से किया गया था, जिसमें रघुनाथपुर विधानसभा के आरजेडी विधायक ओसामा शहाब का भी नाम शामिल किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के ई-रिक्शा चालक ऐनुल हक ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि चंदन सिंह अपने साथियों के साथ तीन स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर आए और रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थिति बिगड़ गई।
मामले में पुलिस की ओर से भी अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाने की पुअनि मधुरिमा मनीषा ने अपने बयान में कहा कि गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि सेमरी में एक स्कॉर्पियो को ग्रामीणों ने घेर लिया है और जानलेवा हमला कर रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि बड़ी संख्या में ग्रामीण वाहन को चारों तरफ से घेरकर ईंट-पत्थर से हमला कर रहे थे।
स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मी कमलेश्वर प्रसाद भी घायल हो गए। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर हालात पर काबू पाया गया और सभी को सुरक्षित थाने लाया गया।
पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर कुछ आरोपितों की पहचान की है, जिनमें नाजीर, नौशाद, लाल बाबू मियां, मैनुद्दीन मियां सहित करीब 100 अज्ञात लोग शामिल बताए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सिवान में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब इस मामले में राजनीतिक नाम भी सामने आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

