टैक्स वसूली में बाधा और मारपीट, तृणमूल युवा नेता गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 21 जुलाई (हि.स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के टैक्स वसूली कार्य में बाधा डालने और टेंडर धारक के साथ मारपीट के गंभीर आरोप में भक्ति नगर थाने की पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक युवा नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम संजय लिम्बू है, जो डाबग्राम इलाके का निवासी है। इस घटना से सिलीगुड़ी के सालुगाड़ा हाट इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर को सालुगाड़ा हाट में नगर निगम के नियमों के तहत टैक्स वसूली करने नए टेंडर धारक रंजीत पारिदा पहुंचे थे। उसी समय संजय लिम्बू अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचा और टैक्स वसूली में बाधा डाली। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सालुगाड़ा हाट में अवैध वसूली को लेकर पिछले कई महीनों से संजय और उसके साथियों के खिलाफ शिकायतें मिल रही थी। इससे पहले भी एक टेंडर धारक के साथ इस गिरोह का नाम जुड़ चुका है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम ने दोबारा टेंडर जारी किया था, जिसकी जिम्मेदारी रंजीत पारिदा को मिली।
हालांकि, नया टेंडर मिलने के बाद भी संजय लिम्बू और उसके समर्थकों का दबदबा कम नहीं हुआ। सोमवार की घटना में घायल रंजीत पारिदा ने भक्ति नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर रात अभियान चलाकर संजय को पहले हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार सुबह आरोपित तृणमूल युवा नेता को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

