दृष्टिबाधित महिला पर पत्थर से हमला , फिर किया दुष्कर्म
नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में शुक्रवार देर रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। सड़क पर रहने वाली मानसिक रूप से बीमार और दृष्टिबाधित महिला पर एक युवक ने पहले पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली कि त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक इलाके में एक महिला गंभीर हालत में पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि राहगीरों की मदद से महिला को पहले ही अस्पताल भेजा जा चुका है। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि महिला के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता मानसिक रूप से बीमार है और दृष्टिबाधित भी है। वह पिछले कई वर्षों से त्रिलोकपुरी के विभिन्न ब्लॉकों में सड़क किनारे रहती और सोती देखी जाती रही है।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो वारदात का खुलासा हुआ। फुटेज में एक युवक महिला के साथ बर्बरता करते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। घटना का वीडियो कुछ समय के लिए सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिससे इलाके में लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। कुछ लोगों का दावा है कि वारदात में दो लोग शामिल थे, हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में एक ही आरोपित की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की हालत फिलहाल बयान देने लायक नहीं है। उसके स्वजन या परिजनों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

