बलरामपुर में पत्नी ने लाेहे के बाट से किया हमला, पति की माैत, गिरफ्तार
बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुण्डा थाना क्षेत्र के पलगी गांव में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने कथित तौर पर लोहे के बाट से पति के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपित पत्नी राजपति कुम्हरिया (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बलरामपुर पुलिस ने आज गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, घटना 15 नवंबर की रात की है। मृतक प्रभात कुम्हरिया अपनी पत्नी राजपति के साथ गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गया था। काम खत्म करने के बाद रात करीब 8 से 9 बजे दोनों शराब पीकर घर लौटे। अधिक नशे में होने के कारण राजपति ने खाना नहीं बनाया। इसके बाद प्रभात ने खुद खाना बनाया और पत्नी को खाने के लिए बुलाने गया। इसी दौरान खाना नहीं बनाने की बात पर उसने पत्नी को तीन-चार थप्पड़ मार दिए।
इससे नाराज होकर राजपति ने घर में रखे लोहे के किलोबाट से प्रभात की बाईं आंख के ऊपर माथे पर वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का दे दिया, जिससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद राजपति दूसरे कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद प्रभात भी उसके पास जाकर सो गया। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे राजपति ने पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले में 16 नवंबर को रामदेव कुम्हरिया की रिपोर्ट पर त्रिकुण्डा थाने में अपराध क्रमांक 72/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। जब्ती कार्रवाई सहित जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर राजपति कुम्हरिया के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने उसे बीते शाम विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

