home page

छिंदवाड़ा में 4 हजार की रिश्वत लेते आदिवासी विकास विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
छिंदवाड़ा में 4 हजार की रिश्वत लेते आदिवासी विकास विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार


छिंदवाड़ा, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग में कार्रवाई करते हुए कर्मचारी ललित अहिरवार को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी ने रिश्वत की रकम लिफाफे में रखकर कूलर के नीचे छिपा दी थी। तलाशी के दौरान टीम ने लिफाफा बरामद कर लिया। वहीं, केमिकल टेस्ट में आरोपी के हाथों पर भी रंग आ गया।

शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा के अनुसार, नवेगांव में छात्रावास की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। इस प्रक्रिया में 52 में से 24 टेंडर पिछले छह महीनों में निरस्त कर दिए गए थे। इसके बाद उनकी 28 हजार रुपये की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) राशि वापस होनी थी।

आरोप है कि ईएमडी की रकम वापस कराने के एवज में विभाग में पदस्थ ललित अहिरवार ने उनसे 4 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ महीने से राशि वापस पाने के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा था। करीब एक महीने पहले भी इस संबंध में कर्मचारी से बातचीत हुई थी। इसके बाद उन्होंने लोकायुक्त से शिकायत की।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद मंगलवार को लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया। फिलहाल टीम कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग में दस्तावेजों की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan