home page

ट्रैफिक चालान से नाराज होकर पुलिसकर्मी से मारपीट, एक आरोपी रिमांड पर, महिला गिरफ्तार

 | 

नाहन, 14 जून (हि.स.)। सिरमौर जिले के थाना पुरुवाला क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे जाने से नाराज होकर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस बूथ रामपुरघाट में तैनात मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई कि 13 जून की शाम वह रामपुरघाट, कुंजा मतरालियों और पहाड़ी कॉलोनी क्षेत्र में यातायात जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान रामपुरघाट चौक के पास एक स्कूटी को रोका गया, जिसके चालक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।

जांच के दौरान चालक ने अपना नाम मोहित निवासी पट्टा नाथा सिंह, पांवटा साहिब बताया तथा कहा कि उसका ड्राइविंग लाइसेंस अभी नहीं बना है। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत उसका चालान किया। चालान कटने के बाद मोहित ने किसी को फोन किया, जिसके कुछ देर बाद उसका पिता सचिन कार में मौके पर पहुंच गया।

आरोप है कि चालान को लेकर नाराज सचिन ने पुलिसकर्मी पर दबाव बनाने का प्रयास किया और बाद में मोहित तथा एक महिला के साथ मिलकर मुख्य आरक्षी के साथ धक्कामुक्की की। शिकायत के अनुसार महिला ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारे, जबकि सचिन ने उनके कान में पहनी सोने की बाली भी छीन ली। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं महिला आरोपी सविता को भी रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा अन्य कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर