मैहर: तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो युवकों को रौंदा, मौके पर मौत
मैहर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। बंधी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक ट्रेलर के पहियों के नीचे दब गए ।
मृतकों की पहचान कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र के खेरवा नंबर-2 निवासी गोविंद साकेत (20) और अजय साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों बाइक से बदेरा-भदनपुर की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर को रोक लिया, उस पर पथराव किया और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
बदेरा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया और जाम खुलवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बदेरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक किस काम से भदनपुर बदेरा जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

