ट्रेन में यात्रियों से मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाला गिरफ्तार
कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। ट्रेन के धीमे होते ही यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वाले शातिर को जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का करीब 60 हजार रुपये कीमत का मोबाइल बरामद हुआ।
जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज पुलिस टीम कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास टाटमिल चौराहे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसकी पहचान गोविंद नगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती निवासी अंश कुमार उर्फ तेली के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल चोरी के एक मुकदमे से संबंधित है और उसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन के धीमे होने का फायदा उठाकर यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करता था। जीआरपी ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
आगे उन्होंने बताया कि आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

