फरक्का एक्सप्रेस में महिला यात्री के दस लाख के गहने चोरी
जींद, 29 अप्रैल (हि.स.)। फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री के बैग से करीब दस लाख रुपये के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना नरवाना रेलवे स्टेशन के पास की है। रेलवे थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंजाब के बठिंडा स्थित गांव गोनियाना निवासी रीता देवी ने रेलवे थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 23 अप्रैल को अपने बेटे नितिन कुमार के साथ शादी में भाग लेने के लिए उत्तर प्रदेश गई थी। शादी में शामिल होने के बाद इटावा रेलवे स्टेशन से फरक्का एक्सप्रेस से बंठिडा लौट रही थी। उन्होंने दो सीट आरक्षित करवाई हुई थी। जब ट्रेन नरवाना रेलवे स्टेशन पहुंची तो सफाई के बहाने कुछ युवकों ने उसका बैग उठाया और फिर रख दिया।
कुछ ही देर बाद वह नीचे उतरा और चला गया। जब उसे शक हुआ तो बेटे ने बैग खोला तो उसमें पर्स नहीं मिला। पर्स में एसबीआई का क्रेडिट कार्ड व दस लाख के सोने के गहने थे। इसके अलावा दस हजार रुपये की नकदी भी थी। रेलवे थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
रेलवे थाना के जांच अधिकारी एएसआई गुरमेल ने आज बताया कि महिला की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

