home page

जबलपुरः ट्रेन में चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में बैठे दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुरः ट्रेन में चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में बैठे दो आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आरपी थाना पुलिस ने प्लेटफॉर्म पर चेकिंग के दौरान चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में बैठे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 67 हजार रुपए कीमत के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

जीआरपी प्रभारी संजीवनी राजपूत ने सोमवार को बताया कि जीआरपी पुलिस प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन जबलपुर-मंडला फोर्ट पैसेंजर के जनरल कोच का गेट खुला दिखाई दिया। पुलिस टीम जब डिब्बे की जांच करने पहुंची तो विकलांग केबिन में दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे मिले।

पूछताछ में दोनों ने अपने नाम राकेश कोरी उर्फ अक्कू और पंकज मकेश्वर निवासी सिंधी कैंप, हनुमानताल बताए। पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी लेने पर उनकी जेबों से चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल चोरी के होने और उन्हें बेचने की बात कबूल की। बरामद मोबाइल में रेडमी, ओप्पो और वीवो कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस ने सभी मोबाइल जब्त कर लिए हैं।

जीआरपी थाना जबलपुर ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 268/26 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक