ट्रेन से गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, पांच तस्कर गिरफ्तार, 92.934 किलो गांजा बरामद
रायपुर से गांजा लाकर ट्रेनों के जरिए करते थे तस्करी
बांदा, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के जरिए गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। टीम ने स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आरएमएस डाकघर के पास घेराबंदी कर पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से आठ ट्रॉली बैग और अन्य बैगों में छिपाकर रखे गए गांजे के 83 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 92.934 किलोग्राम है। पुलिस ने बरामद गांजे की कीमत 46 लाख 46 हजार 700 रुपये आंकी है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ सिंह के नेतृत्व में जीआरपी, आरपीएफ बांदा और आरपीएफ झांसी की क्राइम विंग की संयुक्त टीम ने बुधवार को रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक स्थित आरएमएस डाकघर के पास संदिग्ध अवस्था में मिले पांच लोगों की तलाशी ली गई तो उनके पास मौजूद बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में आनंद नगाइच (26) पुत्र घनश्याम दास निवासी ग्राम निवाहो, थाना पाली, जिला ललितपुर के कब्जे से आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में 14 पैकेट और लाल कैरी बैग में चार पैकेट गांजा मिला। इनका कुल वजन 22.570 किलोग्राम है। उसके पास से 250 रुपये नकद और एक नीले रंग का इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। उसकी पत्नी नेहा (24) के कब्जे से आसमानी रंग के ट्रॉली बैग में 11 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 16.361 किलोग्राम है। उसके हैंडबैग से 250 रुपये नकद, यात्रा टिकट और अन्य सामान बरामद हुआ।
इसी तरह अतुल सोनी (40) पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सोनी निवासी राजेंद्र नगर, उरई, जिला जालौन, हाल पता कर्रही खांडेपुर, थाना बर्रा, कानपुर नगर के ग्रे रंग के ट्रॉली बैग से 14 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इसका वजन 14.417 किलोग्राम है। उसके पास से 500 रुपये नकद और एक रियलमी मोबाइल फोन मिला। उसकी पत्नी मीनाक्षी सोनी (34) के मैरून रंग के ट्रॉली बैग से 14 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 14.376 किलोग्राम है। उसके हैंडबैग से 400 रुपये नकद और एक हरे रंग का ओप्पो मोबाइल फोन भी मिला।
पांचवीं आरोपी मधु पांडे (20) पुत्री अजय पांडे निवासी वार्ड नंबर 12, सामुदायिक भवन धमधा, दुर्ग, छत्तीसगढ़ के पास मौजूद नेवी ब्लू रंग के ट्रॉली बैग से 14 पैकेट, कैरी बैग से सात पैकेट और पिट्ठू बैग से पांच पैकेट गांजा बरामद हुआ। इनका कुल वजन 25.210 किलोग्राम है। उसके पास से 730 रुपये नकद और एक ग्रे रंग का वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
इस प्रकार पांचों आरोपियों के कब्जे से कुल 83 पैकेटों में 92.934 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जीआरपी के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रायपुर से गांजा खरीदकर ट्रेनों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाते थे और बाद में उसे फुटकर में बेचते थे। पुलिस ने पांचों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 68/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जीआरपी प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ सिंह ने बताया कि विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

