home page

जबलपुरः चलती ट्रेन से गिरकर यात्री हुआ गम्भीर घायल, हालात नाजुक

 | 
जबलपुरः चलती ट्रेन से गिरकर यात्री हुआ गम्भीर घायल, हालात नाजुक


जबलपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में कटनी–मैहर रेलखंड पर रविवार को झुकेही स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास तेज रफ्तार ट्रेन से गिरने के कारण एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और उसकी हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, जनता एक्सप्रेस झुकेही स्टेशन के समीप से गुजर रही थी, तभी एक यात्री अचानक संतुलन खो बैठा और चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही काफी खून बह गया।

घटना की सूचना मिलते ही झुकेही स्टेशन मास्टर ने तुरंत प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। इसके बाद घायल को दूसरी ट्रेन के माध्यम से कटनी भेजा गया।

कटनी स्टेशन पर पहले से सूचना होने पर डिप्टी स्टेशन मैनेजर चितरंजन दुबे अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। ट्रेन के पहुंचते ही रेलवे कर्मचारियों की मदद से घायल को उतारकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के चलते मरीज की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। वहीं जीआरपी और स्थानीय पुलिस घायल की पहचान के प्रयास में जुटी है। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है। आसपास के थानों को भी इस संबंध में सूचना दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक