यमुनानगर: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
यमुनानगर, 17 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुराना हमीदा निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जांच अधिकारी बोधराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार, मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी की शादी निकट भविष्य में प्रस्तावित थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

