home page

शहडोल: मंदिर से बाइक से लौट रहे परिवार को ट्रेलर ने मारी टक्कर, महिला की मौत, बेटी-दामाद-बच्ची घायल

 | 

शहडोल, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रविवार को मंदिर से लौट रहे परिवार को ट्रेलर (ट्रक) ने टक्कर मार दी। जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी, दामाद और एक साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह अमलाई थाना क्षेत्र के बटुरा स्थित मौहारी दाई मंदिर के पास हुई।

मृतक महिला की पहचान कोदवार कला निवासी रेखा यादव के रूप में हुई है। वह अपनी बेटी आंचल यादव, दामाद नीरज यादव और एक वर्षीय बच्ची के साथ केशवाही स्थित मरखी माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। दर्शन के बाद पूरा परिवार एक ही बाइक से घर लौट रहा था।

एनएच-43 पर मौहारी दाई मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 16 चक्के वाले ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रेलर के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। जिसमें रेखा यादव सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद उनका शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा रहा। इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल नीरज यादव, आंचल यादव और एक वर्षीय बच्ची को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला