home page

गरोठ हाईवे सडक़ हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

 | 
गरोठ हाईवे सडक़ हादसे में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत


उज्जैन , 15 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में गरोठ हाईवे पर शनिवार-रविवार की रात में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार परिवार के चार सदस्य घायल हो गए थे। जिसमें से 11 साल के बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने भी कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। जबकि मां और 5 साल का बेटा घायल हैं, जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि मंदसौर जिले के श्यामगढ़ निवासी मुकरम हुसैन, पत्नी निगार हुसैन, 11 वर्षीय बेटा हाशिब और 5 वर्षीय बेटा मुबारिक शनिवार को बाइक पर सवार होकर श्यामगढ़ से उज्जैन आने के लिए निकले थे। शनिवार-रविवार दरमियानी रात में सभी उज्जैन पहुंच चुके थे। इसी दौरान उज्जैन गरोठ हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान हाशिब की मौत हो गई। जबकि पिता, मां और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलते ही मुकरम हुसैन के ससुराल वाले मौके पर पहुंच गए थे।

रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस ने बताया कि हादसे में बाइक चला रहे मुकरम गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे डॉक्टर ने उपचार के लिए इंदौर रैफर कर दिया था। परिजन उसे एम्बुलेंस की सहायता से इंदौर ले जाने के लिए निकले। लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। जबकि घायल मां निगार हुसैन और 5 वर्षीय मुकरीब हुसैन का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। रविवार को पुलिस ने पीएम के बाद बालक का शव परिजनों को सौप दिए। उक्त घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल