(अपडेट) नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में डॉक्टर समेत तीन और गिरफ्तार, अब तक छह आरोपित पकड़ाए
रायपुर, 19 नवम्बर (हि. स.)। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या छह हो गई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इससे पहले पुलिस ने महिला आरोपित कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि, आरोपित डॉक्टर खिर सिंधु महानंद अस्पताल में नवजात शिशु के क्रेता को भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। यह टिकट महिला आरोपित कृतिका साहू को दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। उसके कब्जे से उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किए गए हैं।
वहीं, आरोपित प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल था। आरोपित आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश कर उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराते थे। इसके बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा कर रकम आपस में बांट लेते थे। अश्वनी शर्मा रकम के लेन-देन का काम संभालता था। पुलिस के अनुसार, इस मामले की प्रार्थिया को भी इसी तरीके से अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गिरफ्तार आरोपितों में डॉक्टर खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष ), प्रकाश कुमार कौरव (45वर्ष ) और अश्वनी शर्मा (38वर्ष ) शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका और नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

