व्यापारी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर की खुदकुशी
बांदा, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा थाना क्षेत्र में किडनी की बीमारी से लंबे समय से जूझ रहे गिट्टी-मौरंग व्यापारी ने सोमवार दोपहर अपने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पहुंचे परिजन उसे लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हैरानी की बात यह है कि शाम को उसे परिवार के साथ मथुरा जाना था और यात्रा की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थीं।
अतर्रा थाना क्षेत्र के नरैनी रोड स्थित टेंपो स्टैंड के समीप रहने वाले राजकिशोर शिवहरे का पुत्र विकास शिवहरे (४२) गिट्टी-मौरंग का कारोबार करता था। सोमवार दोपहर करीब एक बजे उसने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी बाईं कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो विकास खून से लथपथ पड़ा तड़प रहा था। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के पिता राजकिशोर शिवहरे ने बताया कि विकास लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान था। उसका इलाज भी चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था। इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपनी पुरानी राइस मिल पर थे, जबकि घर में विकास की पत्नी और बेटा मौजूद थे। परिवार के लोग शाम को मथुरा जाने वाले थे। इसके लिए सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं, लेकिन दोपहर में हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक विकास को नशे की लत थी और इसको लेकर पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, आत्महत्या की वास्तविक वजह क्या रही, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विकास दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम आकाश है। वह अपने पीछे पत्नी शशि, 15 वर्षीय पुत्र योग्य उर्फ कान्हा और 10 वर्षीय पुत्री अहाना को छोड़ गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बेहाल है।
इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि आज स़ोमवार को कस्बा अतर्रा के रहने वाले विकास पुत्र राजकिशोर द्वारा स्वयं के लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या किए जाने के सम्बन्ध में सूचना प्राप्त हुई । सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा कर पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा जा चुका है। अन्य आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

