पन्ना : मैहर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 से अधिक लोग घायल
पन्ना, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने से करीब 20 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा ब्रजपुर थाना क्षेत्र में कालिंजर घाटी के पास हुआ। सभी श्रद्धालु मैहर में दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालिंजर घाटी के पास सामने आए एक ट्रक से बचने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही पहाड़ीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायल श्रद्धालुओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों का उपचार कर रही है।
बताया गया है कि दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के पंधारा गांव के निवासी हैं। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

