अनूपपुर; केवई नदी से रेत ले जा रहा ट्रैक्टर जब्त, चालक पकड़ में, रेत पलटकर भागने की कोशिश
अनूपपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार रात केवई नदी के जमुड़ी घाट से अवैध रेत ले जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया। चालक ने पुलिस को देखकर रेत पलटकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
प्रभारी थाना प्रभारी छोटे लाल यादव ने बताया कि रात की गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, ऊरा निवासी अजय सिंह गोड़ का ट्रैक्टर चालक दुर्गेश सिंह गोड़ पिता राजराम सिंह गोड़ जमुड़ी घाट से रेत लोड कर रहा था।
उप निरीक्षक बागरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को देखकर दुर्गेश ने ट्रैक्टर भगाने और रास्ते में रेत पलटने की कोशिश की। करीब आधी रेत मौके पर गिर गई, जबकि लगभग 2 घनमीटर रेत ट्रॉली में बची रही। पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने केवई नदी से रेत चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने करीब 4 हजार रुपए की रेत और 3 लाख रुपए मूल्य का ट्रैक्टर जब्त किया। ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर CG-16-CG-5465 है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 4 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने ट्रैक्टर को थाने में खड़ा कराया है। चालक के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) और मध्यप्रदेश खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

