कार की टक्कर से नीचे गिरे बाइक सवार युवक को ट्रैक्टर ने कुचला
जोधपुर, 02 सितम्बर (हि.स.)। शेरगढ़ मेगा हाईवे पर मंगलवार रात एक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सामने से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार सडक़ पर गिर गया। इसके बाद पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया।
जानकारी के मुताबिक शेरगढ़ निवासी रमेश कुमार पुत्र गंगाराम मंगलवार रात अपनी बाइक से शेरगढ़ की ओर आ रहा था। वह शेरगढ़ सरहद में मेगा हाईवे पर पहुंचा ही था कि सामने से आ रही एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रमेश बाइक समेत सडक़ पर गिर गया। तभी पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शेरगढ़ मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार को कार्रवाई के बाद शव सौपा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

