home page

ट्रैक्टर एवं बाइक की टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौत

 | 

कोंडागांव, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के आलोर-सरगीपाल मार्ग पर आज मंगलवार काे एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर एवं बाइक की टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार एक बैंक कर्मचारी घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया । पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक महंगूराम कोर्राम अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान बड़ेडोंगर निवासी धर्मेंद्र नाग, जो फरसगांव ग्रामीण बैंक में कर्मचारी हैं, ड्यूटी के लिए बाइक से फरसगांव आ रहे थे। आलोर-सरगीपाल मार्ग पर दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक महंगूराम कोर्राम ने स्वयं को बचाने के लिए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी। हालांकि, संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार धर्मेंद्र नाग कााे गंभीर चोटें आईं है। उपचार के लिए उन्हें तत्काल बड़ेडोंगर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे